प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अपने 5 देशों के दौरे पर हैं। नीदरलैंड दौरे के दूसरे दिन 16 मई को उन्होंने राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात की। इसके बाद हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा फाइनेंशियल इन्क्लूजन प्रोग्राम लागू किया है, अंतरिक्ष में चांद के उस पार पहुंचा है और अब दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।

वहीं, विदेश में बसे भारतीयों से बात करते हुए पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में पूछा, “क्या यहां तक झालमुड़ी पहुंच गई है?” बंगाल में चुनावी रैली के दौरान ‘झालमुड़ी’ वाला उनका वीडियो पहले भी वायरल हो चुका है। उन्होंने हेग में मौजूद लोगों को बताया कि असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में इस बार 80 से 90 फीसदी मतदान हुआ, जो लोकतंत्र में लोगों के बढ़ते विश्वास को दिखाता है।

दौरे की एक और बड़ी सफलता यह रही कि नीदरलैंड ने 11वीं शताब्दी की चोला वंश की 30 किलो वजनी तांबे की प्लेटें (लीडेन प्लेट्स) भारत को लौटा दीं। ये प्लेटें चोला साम्राज्य के राजा राजराजा चोला प्रथम के समय की बताई जाती हैं और इन्हें तमिल विरासत का सबसे अनमोल हिस्सा माना जाता है।
इस मौके पर भारत की सेमीकंडक्टर कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और डच कंपनी ASML के बीच एक बड़ी साझेदारी भी हुई, जिससे भारत में चिप मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने अपने 12 साल के कार्यकाल पर बात करते हुए कहा कि 16 मई 2014 को दशकों बाद देश को पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार मिली थी, और करोड़ों भारतीयों का वह विश्वास आज भी उनकी ताकत है।